बंद समाज में बिना शादी सेक्स का नया चलन

Posted By Geetashree On 9:30 AM 6 comments


यकीन हो या ना हो, खबर सच है। क्योंकि खबर आई है उसी समाज के एक प्रतिनिधि के कलम से। किसी भी तरह के गैरशरीयत और गैरवाजिब यौन संबंधों पर बारीक और कड़ी नजर रखने वाले इसलामी देश सऊदी अरब में इन दिनों लीव-इन रिलेशनशीप का चलन जोर पकड़ रहा है। इसे तरजीह दे रहे हैं वहां के रुढिवादी लोग। ये वहां की नई पीढी का करिश्मा या उनकी प्रगतिशील सोच का अंजाम नहीं है ये। ये सीधे सीधे अर्थतंत्र से जुड़ा मामला है। ब्रिटेन से प्रकाशित होने वाले अखबार गार्डियन की एक रिपोर्ट ने शरिया और इसलामी कानून की रोशनी में महिला-पुरुष के रिश्तों को लेकर एक नए विवाद का सूत्रपात कर दिया है। इस अखबार से जुड़े पत्रकार सईद नियाज अहमद ने दावा किया है कि सऊदी अरब के रुढिवादी तबके में औरत और मर्द मिस्यार निकाह के जरिए यौन-पूर्ति को तरजीह दे रहे हैं। चूंकि इस विधि से निकाह करने में महिला के प्रति जिम्मेदारी नहीं रहती और शादी के बाद मिलने वाले शौहरी हुकूक(पति के अधिकारो से वंचित) से वह वंचित रहती है। इस रिश्ते के पक्ष में कई तर्क दिए जा रहे हैं। और इसके फायदे गिनाए जा रहे है।


मसलन...इसमें दहेज, रिसेप्शन, वलीमा, घर की साज-सज्जा और बारात का खर्च..सबकी बचत कोई कम बड़ी बचत है क्या। बचत ही बचत...इसी बचत के लालच ने वहां लीवइन रिलेशनशीप को सामाजिक और धार्मिक स्वीकृति दिलवा दिया है।

इससे पैसो की घोर बचत होती है। वाह क्या दिमाग लगाया है। हमारे समाज में जब यह चलन आया तब भी और जब जोर पकड़ रहा था, तब भी ये सोच नहीं थी। यहां उद्देश्य बिल्कुल अलहदा थे और हैं भी। उस पर बहुत कुछ लिखा कहा जा चुका है। रिपोर्ट के अनुसार मिस्यार निकाह एक तरह का अनुबंध विवाह है जिसके तहत शादी के बंधन में बंधे बिना स्त्री-पुरुष जिस्मानी रिश्ते कायम कर सकते हैं। यह तरीका इस बात की भी छूट देता है कि जोड़े अलग रहकर यौन संबंध बना सकते हैं। मिसाल के तौर पर महिला अपने पिता के घर रह सकती है। जब चाहे पुरुष विशेष के पास जा सकती है। अगर किसी कारणवश जोड़े साथ नहीं रहते या किसी वजह से उनका रिश्ता टूट जाता है तो भी सेक्स के लिए वे चाहे तो मिल सकते हैं। मिस्यार शादी के रस्मों रिवाज से मुक्त होता है, साथ ही शादी के ताम-झाम से भी.रिपोर्ट के अनुसार सउदी अरब में यह चलन उन्हे ज्यादा रास आ रहा है जो कड़के हैं या जो महाकंजूस हैं। जेब खाली है मगर स्त्री अनिवार्य रुप से चाहिए। इस चलन से कुछ एय्याशों की बांछे खिल गई हैं। कुछ घटनाओं से उनकी मंशा साफ जाहिर हो रही है। एक शख्स अपनी पहली शादी टूट जाने से बड़ा परेशान था। उसे किसी ने सलाह दी कि वह मिस्यारी निकाह कर ले और मस्त रहे। अब तक वह व्यक्ति कई मिस्यारी विवाह कर चुका है। किसी रिश्ते में वह एक माह से ज्यादा देर तक नहीं रुका। रुकता भी क्यों..उसे धीरे धीरे इसमें मजा आने लगा होगा। हींग लगे ना फिटकरी...रंग चोखा आए...बिना दमड़ी खर्च किए, बिना किसी झंझट के उसे स्त्रियां मिलती रही वो एक के बाद एक...सफर करता रहा। ये सारे चलन पुरुष अपने हित को सोचकर ही बनाते हैं और उसे अपने स्वार्थ के लिए सामाजिक धार्मिक मान्यता दिलवा देते हैं। यह व्यक्ति जिसने अपनी जिंदगी को मिस्यारी प्रथा का प्रयोगशाला बना डाला, उसको औरतें जरुर नई नई मिलीं लेकिन वह किसी एक से भी कभी खुश नहीं रह सका। उसने उन औरतो पर ही आरोप जड़ दिया कि जितनी आईं वे सब पैसों, तोहफो की भूखी निकलीं। इल्जाम लगाते समय वह भूल गया कि वह खुद क्या कर रहा है। तब तो नई नई स्त्रियों का ख्वाब उसे उत्तेजना से भर देता होगा। लालची कह कर पीछा छुड़ाता रहा और आखिर आजिज आ गया। आदमी कई बार अपनी ही आकांक्षाओं का शिकार हो जाता है और अपनी ही आग उसे राख बना डालती है, जिस राख से कोई फीनिक्स पैदा नहीं होता। सऊदी की औरतो को भी आजादी का यह रास्ता बहुत रास आने लगा है। एसी खबरे आ रही है कि वे भी मिस्यारी अनुबंध को खुल कर अपना रही हैं। औरतो के नजरिए खबरे छप रही है कि मिस्यारी पत्नी एक से ज्यादा मिस्यारी पति से संपर्क बना रखा है। जानते हैं ये मिस्यारी पति कौन लोग हैं,,,,ये किसी औरत के पूर्णकालिक पति होते हैं जो अपाटर्मेंटस में फ्लैट लेकर मिस्यारी पत्नियां रखते हैं जिनके बारे में अपनी पूर्णकालिक पत्नी को भनक तक नहीं लगने देते। वहां स्त्रीवादी अब एसी ही पूर्णकालिक (पूर्णनिकाही) पत्नियों को उकसा रहे हैं कि वे क्यों किसी धोखे में रहें, क्यों ना वे भी एसे रिश्तों के बारे में सोचे। वे क्यों नहीं मिस्यारी पति तलाश लेतीं। मिस्यारी पति भी एक से ज्यादा मिस्यारी पत्नी रखने लगे है तो क्यों ना मिस्यारी पत्नियां अपने लिए एसी व्यवस्था कर लें। हिसाब बराबर....।

भूल जाओ पेट की भूख

Posted By Geetashree On 12:57 AM 7 comments

मेरे आग्रह पर वरिष्ठ पत्रकार, मशहूर ब्लागर, प्रतिभा कटियार जी ने अपनी प्रतिक्रिया आलेखनुमा भेजा है। अफगानिस्तान का नो सेक्स, नो फूड कानून ही एसा है जिससे कोई भी स्त्री बौखला जाएगी, चाहे वह किसी भी देश की हो। मैं यहां प्रतिभा की इसी सार्थक बौखलाहट को दुनिया के सामने रख रही हूं..
बजबजाती हुई हकीकत
सिमोन का यह मानना कि किसी भी रिश्ते के दमनकारी तत्वों के विनाश की कोशिश करनी चाहिए से मैं भी पूरी तरह सहमत हूं लेकिन अगर यह विनाशकारी तत्व शरीर ही हो तब? तब क्या किया जाना चाहिए? अफगानिस्तान में कानून बन रहा है कि पति की देह की भूख नहीं मिटाने पर अपनी पेट की भूख भी भूल जाओ...क्या सचमुच बहुत आश्चर्यचकित करता है? कम से कम मुझे तो नहीं करता. कानून की शक्ल में भले ही न हों लेकिन हमारे यहां भी हालात इससे कोई बहुत बेहतर नहीं हैं. बल्कि खाना-पीना बंद कर देना भर अगर सजा हो तो महिलाएं चैन की सांस ही लेंगी. हिंदुस्तानी औरतों को तो पेट की भूख से जूझने की वैसे भी खूब आदत है. कभी व्रत-उपवासों के बहाने तो कभी दूसरे कारणों से. (मेरी गुज़ारिश है पढऩे वालों से कि इसे नयी उभरती एलीट लाइफ के संदंर्भों में न देखा जाए.) किसी भी वजह से बीमारी के चलते, अनिच्छा के चलते, गर्भावस्था के दौरान या यूं ही अगर स्त्री अपनी देह का भोजन मुहैय्या कराने में आनाकानी करती है तो मिलने वाली सजाओं की क्रूरताएं नया इतिहास ही रचती नजर आती हैं. पति बिलबिलाते हैं कि उनकी पत्नी उन्हें प्यार नहीं करती. (प्यार भी हमारे यहां सेवा और सेक्स से जोड़कर ही देखा जाता है). मानो शादी के पेड़ पर प्रेम का फल लगना जरूरी हो. जब वह स्वत: नहीं मिलता तो समाज पति को हौसला देता है कि हासिल करो. नहीं कर पाने पर नामर्द होने की तोहमतें तक लग जाती हैं. बहुत सारे ढंके-छिपे आदर्श परिवारों की हकीकत बजबजाती हुई है. आंसुओं का सैलाब और कुंठाओं का ढेर है. आज के समय में तो यह हर घर का मसला बन चुका है. खासकर तब, जब महिलाओं ने अपनी इच्छाओं को टटोलना शुरू किया है. किसी सोफे या टीवी सेट की तरह अपनी देह को इस्तेमाल करने से मना करना शुरू किया है. पुरुषों का अहं चोटिल होने लगा है. अंदर तक तिलमिलाहट है. तथाकथित पढ़े-लिखों की मुश्किल यह है कि वे इन मुद्दों पर सीधे-सीधे रिएक्ट भी नहीं कर सकते. परिवार टूटने का, रिश्तों के विघटन का यह भी कारण है. इस मुद्दे की प्रासंगिकता हर घर, हर रिश्ते में है. हमारे यहां भले ही ऐसा कोई कानून नहीं है लेकिन हर पति यह बात अच्छे से जानता और मानता है कि पत्नी के शरीर पर उसका अधिकार है. उस अधिकार के आड़े आने वाली पत्नी पर पहली रात से ही चरित्रहीन होने का शक जाता है, जो वक्त के साथ गहराता जाता है. चरित्र यानी क्या? यह सवाल बड़े रूप में सामने खड़ा है. हर किसी के आत्ममंथन का समय है. गीता जी, उम्मीद है अफगानिस्तान के बहाने आपने जो चर्चा यहां शुरू की है वहीं से बदलाव के कुछ अंकुर फूटें. बात निकली है तो शायद कुछ दूर तलकजाए...और सूरत-ए-हाल कुछ बदले.


देह की भूख है बड़ी, वाह रे जमाना

Posted By Geetashree On 10:23 PM 22 comments

वो कहते हैं ना कि शादी लाइसेंस प्राप्त वेश्यावृति है। या यूं कहें कि शादी के बाद पुरुषों को एक स्त्री का जीवन भर रेप करने का लाइसेंस प्राप्त हो जाता है। यानी सामाजिक स्वीकृति की मुहर लग जाती है..स्त्री की इच्छा अनिच्छा बेमानी है। इस मान्यता के बावजूद सिमोन द बोउआर की तरह मैं भी यह मानती हूं कि स्त्री पुरुष के बीच यौन संबंध हमेशा दमनकारी नहीं होते। एसे दैहिक संबंधों को अस्वीकर करने के बजाए उस संबंध में मौजूद दमनकारी तत्वों के विनाश की कोशिश क्यों ना की जाए।
एक स्त्री अपने मनपसंद पुरुष के साहचर्य मे अपनी यौनिकता की खोज करती है। दुनिया के सबसे सुंदर रिश्ते में जब जबरदस्ती जैसे तत्व घुस आए तो क्या होगा।
हाल ही में एक खबर ने औरतों की दुनिया में फिर हलचल मचाई। अफगानिस्तान एक तरफ चुनाव झेल रहा है वही वहां औरतो को लेकर बन रहे नए नए कानून उसे डरा रहे है। वहां के नए कानून ने पुरुषों को यह हक दिया है कि अगर बीबी शौहर की यौन संबंधी मांग पूरी नहीं करती, इनकार करती है तो उसका खाना पीना बंद किया जा सकता है। यानी सेक्स नहीं तो खाना नहीं..उनकी भूख मिटाओ नहीं तो अपनी भूख से जाओ..।
क्या शानदार कानून है। कानून के नए मसौदे में पिता और दादा को ही बच्चों का अभिभावक माना गया है। अगर महिला को नौकरी ही करनी है तो उसे अपने शौहर से इजाजत लेनी होगी। कानून में बलात्कारी को मुकदमे से बचने का भी एक असरदार तरीका दिया गया है। बलात्कार के दौरान जख्मी हुई लड़की को खून का भुगतान कर बलात्कारी लड़की को खून का भुगतान कर आसानी से बच सकता है।
यह विधेयक वहां पहले भी पास हुआ था। इसके मूल स्वरुप का भारी विरोध हुआ था। तब वहां के तत्कालीन राष्ट्रपति हामिद करजई ने इसे वापस ले लिया था। मगर मौजूदा संशोधित विधेयक अब भी महिला विरोधी है। सीधे सीधे इसके पीछे वहां की चुनावी राजनीति काम कर रही थी। चुनाव में शिया समुदाय का समर्थन हासिल करने के लिए करजई ने यह बर्बर कानून पास किया था। क्योंकि यह सिर्फ शिया समुदाय पर ही लागू होती है। बर्बरता का आलम ये था कि पहले जो मूल विधेयक बनाया गया था उसके अनुसार शिया महिलाओं को अपने शौहर के साथ सप्ताह में कमसेकम चार बार सेक्स करना जरुरी था। मानों औरत ना हुई, सेक्स करने की मशीन हो गई। पति ना हुआ सेक्स को गिनने वाला गणितज्ञ हो गया। गिनना ही पड़ेगा, सरकार चाहती है। हैरानी होती है कि कोई एसा मुल्क भी हो सकता है जहां सरकारें चिंता करें कि शौहर की सेक्स लाइफ कैसे आबाद रहे।

लगता है अब पत्नी के नियंत्रित करने के लिए पतिनुमा जीव विस्तर पर विधेयक की कापी लेकर सोएगा। स्त्री को नियंत्रित करने के लिए मर्द कानून का सहारा लेने लगे हैं। वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र यादव सही ही तो लिखते है,---आदमी ने मान लिया है कि
औरत शरीर है, सेक्स है, वहीं से उसकी स्वतंत्रता की चेतना और स्वच्छंद
व्यवहार पैदा होते हैं, इसीलिए हर तरह से उसके सेक्स को नियंत्रित करना
चाहता है।
कवि पंत के अनुसार--योनि मात्र रह गई मानवी।

यहां एक छोटी सी कहानी का उल्लेख करना जरुरी लग रहा है--एक बार जरथुस्त्र
एक बुढिया से पूछता है, बताओ, स्त्री के बारे में सच्चाई क्या है। वह
कहती है, बहुतसी सच्चाईयां एसी है जिनके बारे में चुप रहना ही बेहतर है।
हां, अगर तुम औरत के पास जा रहे हो तो अपना कोड़ा साथ ले जाना मत भूलना।
यह कोड़ा अब विधेयक के रुप में औरतों में खौफ भर रहा है। स्त्री पुरुष दोनों के लिए जो आनंद का पल है, वो खौफ में बदल रहा है।
बहरहाल, विधेयक के मूल स्वरुप का वहां इतना विरोध हुआ कि इसमें संशोधन करना पड़ा और चालाकी देखिए कि संशोधित विधेयक को चुपचाप पारित कर दिया गया। हैरानी होती है कि भारतीय समाज की खुली पाठशाला में जीवन का पाठ पढने वाले उदारवादी करजई महज चुनावी फायदे के लिए आधी दुनिया के मन और इच्छाओं से कैसे खेल सकते हैं। वैसे भी अरब देशों में पहले से ही औरतों के विऱुध ढेर सारे कानून और सामाजिक पाबंदियां हैं जहां उनका दम घुट रहा है। हिम्मत जुटा कर महिलाएं प्रदर्शन भी कर रही हैं। फिर भी उनकी आवाजें, उनके गुहार अनसुने हैं...वहां रोज महिलाओं के अधिकारो के हनन के नए नए कानून ढूंढे जाते हैं। सामंती उत्पीड़न से अभी तक उनकी मुक्ति नहीं हो पाई है। एसी यंत्रणादायक परिस्थिति से बाहर निकलने के लिए वहां की औरत को सामूहिक ल़ड़ाई लड़नी पड़ेगी। अपने शरीर को लेकर आखिर कितनी यातना झेलेगी औरत।

कैसा समाज होगा वह जहां एक कानून औरतों को बीवी से वेश्या में बदल दे वो भी अपने घर में। वेश्याएं तो खुलेआम दैहिक श्रम से अपने लिए खाना पीना जुटाती हैं, घरों में बीबियां भी अपने पेट की भूख मिटाने के लिए शौहर के साथ दैहिक श्रम करेंगी। क्या फर्क है..सिर्फ मर्द ही तो बदल रहे हैं...चरित्र तो वही है...दमनकारी। इस संदर्भ में भारतीय समाज को याद किया जाना लाजिमी है।
शहर हो या गांव औरत हर जगह सेक्स एक उपादान है। ज्यादातर पतियों का मुंह इसलिए सूजा रहता है कि बीवी ने सेक्स करने से मना कर दिया। मियां का मूड बिगड़ गया। संबंधों में कुंठा और लड़ाई की पहली सीढी यही होती है जो बाद में घरेलू हिंसा में बदल जाती है। लोग लड़ाई की जड़ तक नहीं पहुंच पाते कई मामलो में। झु्ग्गियों में झांके, ज्यादातर औरतों की कुटाई इसीलिए होती है, क्योकि वे रोज रोज अपने शराबी पति की हवस मिटाने से मना कर देती हैं। मध्यवर्ग में सीधे सीधे वजह यह नहीं बनता मगर बड़ी वजह यही होती है। पुरुष कुंठित होने लगता है और औरतें घुटने लगती है..छोटी छोटी बात पर झगड़े हिंसक रुप ले लेते हैं..भीतर में सेक्स-कुंठा इस झगड़े को हवा देती रहती है।

देश स्वतंत्र, मगर नारी आज भी परतंत्र

Posted By Geetashree On 4:53 AM 6 comments
प्रसून जोशी

मेरे परिवार में एक लड़की की शादी उसकी मर्जी के खिलाफ की जा रही थी, लेकिन उस लड़की में अपनी इच्छा अपने ही परिवार वालों को बता पाने का साहस नहीं था।

लोकलाज और संकीर्ण सामाजिक मान्यताओं की वजह से वह लड़की अपने ही पिता को यह नहीं कह पा रही थी कि उसे यह शादी नहीं करनी। देश की आजादी के 60 साल बाद भी स्त्री की ऐसी दशा अविश्वसनीय लगती है। मगर यह कड़वा सच है कि इतने सालों बाद भी भारत में महिला वहीं की वहीं है।

स्त्री को मां, देवी, त्याग की मूर्ति और न जाने कितने ही ऐसे दर्जा देकर जरूरत से ज्यादा उठा दिया गया है। दरअसल इन दर्जों के बोझ से स्त्री उठने की बजाय दब गई है। इन खोखले दर्जों के भार तले वह पिस रही है। अपनी आम इच्छाओं का गला दबाकर वह लगातार समाज द्वारा तय किए अपने तथाकथित कर्तव्यों को निभाए चली जा रही है। उसे ऐसी परिभाषाओं में जकड़ दिया गया है, जहां समाज की उस पर पूरी पकड़ हो। मगर वह बेचारी यह समझ ही नहीं पाती कि यह पुरुष प्रधान समाज का षड्यंत्र है।

शादी के बाद अपने पति को नाम से न बुलाना, घर के सदस्यों को खिलाए बगैर खाना न खाना और न जाने कितनी ही ऐसी मान्यताएं हैं, जिन्हें वह सदियों से जस-का-तस निभा रही है। संस्कार के नाम पर व्यक्तित्व को बांध देना कहां का न्याय है? बचपन से ही नारी को इन्हीं संस्कारों की घुटी पिलाई जाती है और वह भूल जाती है कि आखिर वह खुद क्या चाहती है। सदियों से यही होता आ रहा है। मैं इसे नारी की परतंत्रता समझता हूं, जिससे उसे मुक्ति मिलनी ही चाहिए। यह हालत तो हमारे तथाकथित शहरी और सभ्य समाज की है। हालांकि गांवों का तो मैं जिक्र ही नहीं कर रहा हूं। वहां तो स्थिति इससे भी बदतर है।

नौकरीपेशा महिलाओं का जिक्र करें तो नौकरी उनके लिए एक अतिरिक्त जिम्मेदारी है। खाना बनाने से लेकर बच्चों के लालन-पालन, और बाकी घरेलू जिम्मेदारियां के बीच वह नौकरी भी करती है। साथ ही घर और ऑफिस के बीच सामंजस्य बैठाना भी उसके जिम्मे है। विडंबना तो यह है कि खुद औरत ने ही इसे अपनी नियति मान लिया है। उसे कभी नहीं पूछा जाता कि वह क्या चाहती है? वह स्वयं की अपेक्षाओं में ही पिसी जा रही है। अपने आप को खोजने की इस यात्रा में वह नितांत अकेली है। आज भी वह अपने मायने ढूंढ रही है। लोग शायद भ्रमित हैं कि जिस देश में एक महिला राष्ट्रपति हो, वहां यह कैसे हो सकता है। मगर मैं साफ कर दूं कि अपवाद के आधार पर समाज का मूल्यांकन नहीं किया जा सकता।

दरअसल, सदियों से औरत के दिमाग की इस तरह कंडिशनिंग कर दी गई है कि अगर वह अपनी बंधी-बंधाई मर्यादाओं के खिलाफ आवाज उठाए तो खुद उसे अपराधबोध होने लगता है कि ऐसा करके मैं नारी कहलाने लायक नहीं रहूंगी। स्त्री की क्षमता पर कोई संदेह नहीं किया जा सकता क्योंकि प्रकृति ने खुद नारी को सबसे बड़ी कृति की जिम्मेदारी सौंपी है। वह है, एक बच्चे को जन्म देने की जिम्मेदारी।

व्यक्ति अपनी मां के हाथ का स्वाद हमेशा याद करता है। यह एक परंपरा-सी है। मैं ऐसे समाज की कल्पना करता हूं, जहां व्यक्ति अपने पिता के हाथ के खाने को हमेशा याद रखे। यह सिर्फ एक उदाहरण है। मेरा सपना एक ऐसे समाज का है, जहां स्त्री और पुरुष को बराबरी का दर्जा हासिल हो। स्त्री को अपने हक के बारे में सोचने की और अपने फैसले लेने की स्वतंत्रता हो। हर एक संस्कृति तरल होती है., वह सतत प्रवाहित रहती है। उसमें लगातार बदलाव आता रहता है। कबीर की तरह चदरिया को ज्यों-की-त्यों धर देने की बजाय उसमें बदलाव लाना जरूरी है। नारी की परतंत्रता से जुड़ी है मेरी यह कविता...

बाबुल जिया मोरा घबराए, बिन बोले रहा न जाए।
बाबुल मेरी इतनी अरज सुन लीजो, मोहे सुनार के घर मत दीजो।
मोहे जेवर कभी न भाए।
बाबुल मेरी इतनी अरज सुन लीजो, मोहे व्यापारी के घर मत दीजो
मोहे धन दौलत न सुहाए।
बाबुल मेरी इतनी अरज सुन लीजो, मोहे राजा के घर न दीजो।
मोहे राज करना न आए।
बाबुल मेरी इतनी अरज सुन लीजो, मोहे लौहार के घर दे दीजो
जो मेरी जंजीरें पिघलाए। बाबुल जिया मोरा घबराए।

शायद कभी हम भी ऐसे समाज का निर्माण कर सकें जब वे सब जंजीरें पिघल जाएं जिन्होंने स्त्री को बांध रखा है।

(यह आलेख 16 अगस्त 2009 के नवभारत टाइम्स में प्रकाशित हुआ है)

सच को बाहर ना आने दो

Posted By Geetashree On 8:13 AM 6 comments
सच बोलना आसान है, सुनना उतना ही मुश्किल। सच बोलने का नतीजा देख लिया ना..पति ने सच बोला, पत्नी ने सुना और कोई प्रतिक्रिया नहीं..पति ने सुना पत्नी का सच और सह नहीं पाया, देर रात फांसी लगा कर मर गया। क्या सच इतना भयानक होता है कि सुनने के बाद मौत ही एकमात्र रास्ता बचता है।

दिल्ली से सटे एक उपनगर में एसा ही हादसा हुआ है जिसकी खबर ने दिन भर बेचैन रखा। टेलीविजन का खेल अपने घर में खेलने चले एक नवदंपत्ति को सच का सामना इतना भारी पड़ा कि जीवन ही हाथ से छूट गया। पति, शादी से पहले का सच बर्दाश्त नहीं कर पाया। पत्नी ने जब शादी से पहले संबंधो का खुलासा किया तो पति के होश उड़ गए। दोनों का प्रेम विवाह हुआ था। एक साथ काम करते हुए प्रेम हुआ फिर विवाह,,..जीवन में सब ठीकठाक चल रहा था। अचानक टीवी पर सच का सामना देखते हुए पति ने पत्नी को प्रस्ताव दिया कि हम भी एक दूसरे से सवाल पूछते हैं जिनका जवाब सच्चाई से देना होगा। खेल खेलने से पत्नी ने मना कर दिया। पति नाराज हो गया और पत्नी के कमजोर नस पर चोट करते हुए होने वाले बच्चे की कसम दे दी। पत्नी मान गई। औरतो के लिए अपने बच्चे की कसम खाना बड़ी बात है। फिर वे झूठ नहीं बोल पाती...
इसीलिए पति के पूछते जाने पर वह सच बोलती गई...शादी से पहले के प्रेम संबंधों के बारे में खुलासा भी हुआ,,,होना ही था। सवाल धीरे धीरे व्यक्तिगत होते चले जाते हैं...पति को यही तो जानना था..सच जानते ही वह विचलित हो गया। तनाव इतना बढा कि अपने जीवन की बाजी हार बैठा। उसके मर्दाना अहम को इतनी चोट लगी कि वह अपने वर्त्तमान जीवन और संबंधों की खुशियां भी भूल गया। वह शायद पत्नी की जिंदगी में दूसरा मर्द होना सह नहीं पाया या कौन सी बात हुई जिसके कारण कोई इतना खौफनाक फैसला ले लेता है। क्या वह इस खुशफहमी में जी रहा था कि पत्नी की जिंदगी का वह पहला मर्द था।

आज हम ऐसे दौर में जी रहे है जब महानगरीय जीवन में वर्जिनीटी कोई मुद्दा नहीं रहा. खासकर नई पीढी के लिए। नई पीढी के लड़के लड़कियां एक दूसरे का सच जानते हैं..प्रेम के दौरान वे एक दूसरे के अतीत को जान लेते हैं और सब कुछ भूलाकर नया रिश्ता जोड़ते हैं। फिर इस जोड़े को क्या हुआ...पत्नी ने भी उसका सच सुना होगा। अतीत को बिता हुआ कल मान कर उसे दिल पर नहीं लिया। लेकिन पति जरा से सच से टूट गया। कितने कमजोर धरातल पर खड़ा होगा रिश्ता कि अतीत के किस्से ने जीवन ही छीन लिया।

स्त्री विर्मश पर आयोजित एक सेमिनार में बोलते हुए स्त्रीवादी लेखिका मनीषा ने एक सच का उदघाटन किया कि शादी के बाद सुहाग रात में अधकांश पति अपनी पत्नी से अपने पहले प्रेम के किस्से चटकारे लेकर सुला डालते हैं.. तब ना भी सुना पाए तो कुछ दिन बाद ही बता जरुर देते हैं। पर कितनी बीबियां एसा कर पाती हैं। हैं उनमें इतनी हिम्मत..या है सुनने का साहस किसी मर्द के पास। जीवन भर औरतें अपने पति से अपने पहले प्रेम के बारे में नही बता पाती है..ना ही पति सुनना चाहता है। यह एसा सच है जिससे दोनों बचते हैं। क्यों...सोचिए...एक मर्द अनेक औरतों से अपने संबंध का बखान वीरता के किस्से की तरह सुनाता है, औरत के पास कोई चारा नही..उसे तो वर्त्तमान में मिले अपने हिस्से के मर्द से मतलब होता है। अतीत का बोझ नहीं ढोती ये। बहुत कम मर्द मिलेंगे जिन्हें अपनी पत्नी के पूर्व प्रेमियों के बारे में जानने की इच्छा हो या उसी उदारता के साथ किस्से सुने। कुछ उदारमना मर्दों ने अगर सुन भी लिया या जान गए तो कभी इसका जिक्र तक नहीं चाहते ना ही याद करना चाहते हैं..भले पति की पूर्व गर्लफ्रेंड कभी सामने जाए और मुस्कुराती हुई औरतें उनको चाय काफी आफर कर दें..दर्द यहां भी हरा होता होगा लेकिन सुकुन इस बात का कि अब वो ही उसका सबकुछ है। पत्नी गल्ती से भी अपने किस्से उठाए तो पतिनुमा जीव का चेहरा देखने लायक होता है...मेरे एक करीबी मित्र हैं। उनकी शादी के दस साल हो गए, मगर आज भी वे अपनी पत्नी को गाहे-बगाहे पहले प्रेमी को लेकर ताना मारते रहते हैं....पत्नी को उनका किस्सा भी मालूम है, मगर वो करें तो मर्दानगी...औरत करे तो पाप...वाह वाह तेरी लीला...ये लीला प्रभु के अवतार पुरुषों की कैसी दुनिया है। जहां आप करे तो सब जायज..हम करे तो घोर पाप...

कुछ मर्दो के तो समाज में हाल ये देखा कि उनकी शादी के मंडप में ही उनकी प्रेमिकाएं धमक गईं और संबंधों के तमाम सबूत पेश करने के बावजूद उसे बेरंग लौट जाना पड़ा क्योंकि दुल्हन ने दुल्हे का ही साथ दिया। आए दिन एसी खबरे पढने में आती है...कभी .ये नहीं सुना कि उसके उल्टा कुछ हुआ हो...लड़का टपक पड़े..अगर टपक पड़ता तब भी क्या दूल्हा उसी तरह सेहरा बांधे खड़ा रह पाता। नहीं..तब तो उसके समेत पूरे परिवार की इज्जत चली जाती...आखिर एक स्त्री के माथे पर ही तो इज्जत का दारोमदार है.. स्त्री ही इज्जत है...इज्जत स्त्रीलिंग है..स्त्री का पर्यायवाची भी। वो गई तो समझो जान गई..अपनी नहीं तो उसकी, उसकी नहीं तो अपनी.. दोनों ही तरह के मामले में जीवन खत्म हो रहा है...

रुक्मिनी (सेन) की कहानी,उसी की जुबानी

Posted By Geetashree On 11:24 PM 7 comments
जीवन की छोटी छोटी बातें कई बार कितनी मार्मिक और सार्थक होती है...जब हम बीते हुए पलो को सुनने की कोशिश करते हैं तो ध्वनियां मनुष्यता की कई सुनहरी परते खोल देती हैं..मैं आपको पिता-पुत्री संवाद के बहाने एसी ही ध्वनियां सुनवाने जा रही हूं...रुक्मिनी दिल्ली स्थित निजी चैनल में पत्रकार हैं और अंग्रेजी भाषा की सक्रिय ब्लागर हैं... गीताश्री

पिता के बारे में
यह मेरे पिता के साथ जुड़ी हुई कुछ प्रिय यादों में से एक है। वे 75 साल के हैं। मगर जीवन उनमें कूटकूट कर भरा है। अपनी जीवंतता की वजह से उन्होने मुझ पर अपना भरपूर प्रभाव डाला है। हालांकि राजनीतिक मसलों को लेकर हमारे बीच हमेशा मतभेद रहे हैं। लेकिन इन राजनीतिक मतभेदों का असर हमने अपने रिश्तों पर नहीं पड़ने दिया। मैंने दुनिया के बारे में जो कुछ जाना समझा वो सब उन्होंने समझाया। मुझे इसके लायक बनाया कि मैं दुनिया को समझ सकूं वो और वे मुझे समझते रहे..

इसके लिए मैं उनकी कर्जदार हूं..जीवन की राहों पर वे मेरे मित्र बने रहे, जिंदगी. प्यार और काम को पहचानने के महत्व को समझाया है। वे समझाते रहे कि मैं जो भी चयन करुं वो दोषरहित हो।

संवाद
बीती रात बाबा(पिता), सुवोजित(पुरुष मित्र) और मैंने अमरुद के रस के साथ फेनी पीने का कार्यक्रम बनाया। सुवोजित और बाबा को डायबिटीज है। मैं भी वजन कम करने की बारहमासी योजना चल रही है। फिर भी हमलोग इसके लिए इकठ्ठे थे। फेनी ने तेजी से अपना असर दिखाया। मैंने एक छोटे बच्चे की तरह बाबा से स्वीकृति लेने के अंदाज में पूछा--मेरे बारे में क्या सोचा है।

बाबा बोले-बेस मी(ज्यादा सोचता हूं), निश्चय ही एक लड़की..जो कभी कभार जल्दबाजी में निर्णय लेकर अपना नुकसान कर बैठती है। मैं जिज्ञासु हूं, इसलिए कौतुहल से भर गई।

मेरी अभिलाषा एक ग्रैंडडाटर की है...बोलते हुए उनकी आंखें नशीली हो रही थी। मैंने सुवोजित का हाथ पकड़ लिया और फुसफुसाई...वे नशे में हैं। बाबा बोलते जा रहे थे..वह कितनी बड़ी हो चुकी होगी मम्मू।

बाबा मुझे मम्मू कह कर बुलाते हैं। मैंने भी पी रखी थी। हल्का नशा मुझे भी था। लेकिन मैं होश में थी। ...वो नौ...या...दस साल की हो चुकी होगी.., मेरे होठ थरथराए।

कुछ पल के लिए मैंने पिता को देखा कि वे अपनी ग्रैंडडाटर की आकृति बनाने की कोशिश कर रहे हैं.. वह मेरे भतीजे भतीजियों से कितनी बड़ी होगी या छोटी...बाबा यादों में खो चुके थे..वो कितनी सुंदर थी, नन्ही परी की तरह। भिशुन सुंदर छिलो..एत्तो सुंदर..एत्तो हाल्का..किंतु कोत्तो भारी..जितना हल्की, उतनी वजनी भी..मैंने पहली बार महसूस किया कि उनके भीतर अपनी गुजर चुकी ग्रांडडाटर के लिए कितना दर्द, कितनी चाह भरी है ..। उसके लिए एक नाम भी चुन रखा है उन्होंने..यह भी पता चला। यास्मिन...मुस्लिम नाम। बाबा हिंदू नाम नहीं सोच पा रहे थे। साफ तौर पता चल रहा था कि वे अभी तक मेरे पूर्व पति परवेज को भुला नहीं पाए हैं। उसके लिए उनके मन में अभी तक प्यार अलग से कायम है।

मैं उन्हें नहीं बता सकी कि परवेज ने अपनी बेटी का नाम नोवा रखा था। मैं अतीत में चली गई..उस पल से कोसो दूर...मेरे सामने सिर्फ मेरी बेटी थी, जो मात्र 15 मिनट के लिए मेरे गर्भ से बाहर आकर सांसे ली...और नौ माह गर्भ के अंधेरे में रही..मेरे अंदर..उसकी एक कहानी...और दो दो नाम।

फिर आना नोवा..नहीं..नहीं.. यास्मिन...

मागलिक रंगदारीप्रथा की वापसी

Posted By Geetashree On 2:08 AM 5 comments

सुना है फिर किसी लड़के का अपहरण कर उसका पकड़ुआ विवाह करा दिया गया है। सीधी-सादी, भोली भाली ग्रामीण लड़कियों के दुर्भाग्य के दिन फिर लौट रहे हैं। जिन्न फिर कई सालों बाद बोतल से बाहर आ गया है। पकड़ुआ विवाह का जिन्न कुछ ही साल पहले बोतल में बंद हुआ था। ये अचानक कैसे प्रगट हुआ, वो भी इस दौर में जब पकड़ुआ विवाह की जगह किसी और प्रथा हनीमून किडनैपिंग ने जन्म ले लिया और अपनी पुख्ता जगह बना ली है। सिनेमाई असर वाला यह नया चलन है। प्रेमी जोड़ा जब शादी को लेकर चौतरफा विरोध झेलने लगता है तो दोनों आपसी रजामंदी से एक नया दांव खेलते हैं। लड़की अपनी मर्जी से लड़के द्वारा अपहरण करवा लेती है और दोनों शादी कर लेते हैं। लड़की वाले लड़के के परिवार पर केस कर देते हैं। प्रभावशाली परिवार के दवाब में कई बार शादी टूट जाती है और लड़की गुस्से में आकर अपने मायके जाने से इनकार कर देती है। उसके बाद शुरु होता है उसकी यातना का लंबा सिलसिला...उसे रिमांडहोम या सुधारगृह भेज दिया जाता है। आप सोच सकते हैं कि वहां तन्हाई के कितने साल...बिता रही होंगी वे। वहां बिताए जाने वाले एक एक पल को जोड़ ले तो हम स्पेनिस उपन्यासकार मार्खेज की तरह कह सकते हैं...तन्हाई के सौ साल।

पकड़ुआ विवाह और उसका खौफ लोगों के जेहन से गायब होने लगा था। वह चलन और स्मृतियों से भी बाहर होने लगा था...अचानक टीवी चैनलों पर सामाजिक विषयों पर आधारित सीरियलो की आंधी आई तो गड़े मुर्दे फिर से उखड़ने लगे। एक नए चैनल पर एक धारावाहिक भाग्य विधाता दिखने लगा और पकड़ुआ विवाह से अब तक अनजान पीढी को भी पता चल गया। जो लोग इस सीरियल को देख रहे होंगे, हो सकता है उन्हें यह कोरी काल्पनिक कहानी पर आधारित लगता हो, मगर हाल ही में हुई एक घटनाने सच का सामना करा दिया। अब ये कहना मुश्किल है कि जिन्न को बाहर लाने में सीरियल का हाथ है या कोई और वजह इसके पीछे काम कर रही है। आपकी धुंधली स्मृतियों को ताजा करते हुए बता दूं कि अस्सी के दशक में बिहार के बेगुसराय जिले में पकड़ुआ विवाह के खूब मामले सामने आए। शहर के कई संपन्न परिवारों और खास जाति के कम उम्र लड़के पकड़ पकड़ कर या कहे अपहरण करके जबरन ब्याह दिए गए। उस दौरान देशभर में खूब शोर शराबा हुआ..मीडिया में खबरे छाई रहीं..पकड़ुआ विवाह फलता फूलता रहा। पुलिस कानून सब बेकार...लड़कियां गूंगी गुड़ियाओं की तरह एक अनजाने लड़के से ब्याह दी जाती रहीं और समाज तमाशबीन बना रहा। वैसे बिहार के कस्बे और ग्रामीण इलाको में लड़कियां शादी ब्याह के मामले में गूंगी ही होती हैं। ना कोई उमंग है ना कोई तरंग है...जैसी भावना के साथ वे मां बाप द्वारा तय की गई शादी स्वीकार कर धन्य हो जाती हैं। बिहार का मीडिया पकड़ुआ विवाह को मांगलिक रंगदारी प्रथा कहता है। अगरआपने भाग्यविधाता सीरियल देखा होगा तो उस पर यकीन मानिए। बड़े ही शोध के बाद वह सच्चाई कहानी बनकर आपके लिए मनोरंजन परोस रही है। सीरियल की नायिका का दुख देखिए..हमने अपनी आंखों से अपने परिवारों में घटित होतेदेखा है। गुनाह करे कोई, भरे कोई। लड़की पैदा करने की ताकत रखने वाले परिवारों में ल़ड़की की शादी करने का दम नहीं तो मांगलिक गुनाह का आसान रास्ता चुन लिया। लड़के उठा लाओ और जबरन शादी करा दो। लड़का बंदूक के साएमें शादी करने के बाद दुल्हन घर ले आता है और बदले की भावना से भर कर उस मासूम लड़की का जीवन ससुराल रुपी यातना शिविर के हवाले कर देता है। आखिर ये रास्ता लड़की के घरवाले क्यों अपनाते है..इसकी बहुत पड़ताल होचुकी है। सबसे बड़ा लड़की को बोझ मानना और उसे किसी तरह ब्याह देने की मानसिकता इसके पीछे काम करती है। आर्थिक मामला को भयानक है। बेगूसराय, मूंगेर, खगड़िया जैसे इलाको में दहेज की मांग भयानक थी। लड़की वाले उतनादेने में समर्थ नहीं होते। अमीर लोग गरीब परिवार से दहेज के कारण रिश्ता जोड़ते नहीं थे। नतीजतन उस जमाने में गरीब परिवारो ने विद्रोह कर दिया। बाकायदा एक एसे गैंग का उदभव हुआ जो लडके अपहरण करके शादी करवाने का ठेका लेने लगा। ज्यादातर तब पढाई करनेवाले लड़के शिकार बनते थे। संपन्न परिवारों के लड़के होते थे इसलिए बहुत बवाल मचा लेकिन इधर अबोध लड़की के साथ क्या हुआ इसकी खबर नही सुनी गई। शोर मचाने वालो को इनके घरों और जीवन में जरुर झांकना चाहिए था कि इन लड़कियों के साथ आखिर समाज-परिवार क्या व्यवहार करता है। मैं उसी समाज से आती हूं, इसलिए देखा है अपनी आंखों से कि कैसे मां बाप कुछ दिन बाद उस लड़की को कहीं खपा देते, घर से भगा देते हैं, जीवन भर दासी बना कर रख लेते हैं या किसी अंधेरी कोठरी में कैद कर
देते हैं या वापस मायके भेज देते हैं। उस जमाने में एसी लड़कियों के भाई-बाप का लड़को और परिवारों पर घोर आतंक था...लोगो ने अपने जवान होते बेटो को दूर दराज के शहरो में पढने के बहाने भेजना शुरु कर दिया था। जो पहले से बाहर पढ रहे थे उनका गांव आना बंद करा दिया गया था कि ना जाने कब कोई दबंग भाई उठा ले जाए और ढेर सारे दहेज लाने वाला उनका बेटा सस्ते में निपट जाए और एक अनचाही बहू साथ लेकर घर लौटे। उस वक्त बहुत कम परिवारवालो ने एसी बहू को स्वीकार किया। दस मामले में एक परिवार ने बहू को स्वीकारा और नौ परिवारों ने यातना देने के नृसंश तरीके अपनाए। जहां ससुराल उसके लिए यातना शिविर से कम नहीं था। कई एसी लड़कियां रहीं जिन्होंने यातना शिविर में ही जीवन गुजार दिए येसोच कर कि कभी तो नाजियो का दिल पसीजेगा और उसके भी दिन बहुरेंगे। इस भरोसे उन्होंने पति की दूसरी शादी तक झेली और वहां से हिली नहीं। मायके जाकर भी उन्हें क्या मिलता...लांछन, प्रताड़ना..भाई-भाभियों के उलाहने।

एसी शादी में लड़की कहीं की नहीं रहती। दबंग भाई उसके सपने का सौदा करकेनिकल लेता है और संताप झेलती हुई लड़कियां जिंदगी की मार से असमय बुढाजाती हैं।

प्रार्थना के बाहर

Posted By Geetashree On 2:04 AM 5 comments
कहानी
प्रार्थना के बाहर
गीताश्री

सुबह का अखबार देखकर रचना के मन में एक अजीब-सी कड़वाहट घुल गई थी....दफ्तर पहुंची तो रही-सही कसर बॉस ने पूरी कर दी... शाम को हताश-निराश दफ्तर से बाहर निकलकर बस में बैठते हुए रचना ने मन-ही-मन बॉस को एक गंदी गाली दी... मगर फिर भी दिलोदिमाग में उठ रहा गुबार मुड़कर देखती है तो सबकुछ धुंधला-धुंधला-सा नजर आता है...कठिन संघर्ष का माद्दा, उर्जा और ढेर सारे सपने लेकर अपने छोटे-से कस्बे से वह दिल्ली आई थी... 10 साल गुजर गए... तमाम पापड़ बेलने के बावजूद उसे क्या मिला? 15 हजार रूपल्ली की अखबार की यह नौकरी, जो पता नहीं कब चली जाए... और इसी नौकरी के लिए बॉस जब तक ताने मारता रहता है... साल्ला हरामी!

इसी दफ्तर के अलावा रचना का एक घर भी है, एक पति है बिस्तर से लेकर रसोई तक जिसकी सारी जरूरतें करीने से पूरी न हों तो वह हिंसक हो जाता है... ताने मारता है। दोस्तों की पत्नियों की तारीफ में कसीदे पढ़ता है... कि फलां की पत्नी तुम्हारे जैसी नहीं है...

रचना को लगा, जिंदगी उसके हाथ से फिसल गई है।

आखिर गलती कहां हुई? दिल्ली आकर भी उसने अकेले रहने की आजादी का बेजा लाभ नहीं उठाया... कभी कोई मनमानी नहीं की। शराब-सिगरेट से दूर रही। पुरुषों के साथ अपनी दोस्ती को एक सीमा से आगे नहीं बढ़ने दिया।

दोस्त, परिचित उसे भली लड़की मानते रहे। वह खुद भी तो यही चाहती थी। वरना क्यों भली लड़की की इस इमेज से फेवीकोल के जोड़ की तरह चिपकी रहती?

अचानक रचना के भीतर एक जानलेवा कचोट-सी उभरी- भली लड़की बनकर कॅरिअर से लेकर परिवार तक जिंदगी के हर मोर्चे पर वह मात खाती रही... और जो बुरी लड़की थी उसने दुनिया जीत ली!

सुबह अखबर में एक कॉलम की खबर से साथ छपी तस्वीर का अक्स रचना की आंखों के आगे उभर आया। चेहरा थोड़ा भरा-भरा-सा, मगर आंखों में वही चमक और आत्मविश्वास जो नौ साल पहले थी।

प्रार्थना दिल्ली आ रही है... उत्तर प्रदेश कॉडर की आईएएस प्रार्थना पांडे को पदोन्नति देकर मानव संसाधन विकास मंत्रालय में संयुक्त सचिव बनाया गया है...
रचना के जेहन में अचानक नौ साल पहले की वह शाम कौंध गई!

रचना मंडी हाउस जाने की तैयारी कर ही रही थी कि कमरे में धड़धड़ाती हुई प्रार्थना घुसी।

चल बाजार चलते हैं, छाछ पीने का बहुत मन हो रहा है। लेकर आते हैं।

पूर्वी दिल्ली का लक्ष्मीनगर बाजार बहुत व्यस्त और बड़ा है। गली से बाहर निकलते ही बाजार की चहल पहल शुरु हो जाती है। गली के नुक्कड़ पर ही दूकान थी। दोनों अप्रैल की हल्की गरमी झेलती हुई जरनल स्टोर पर पहुंची।
भईया...दो मस्ती देना।

अधेड़ उम्र, गंभीर सा दिखनेवाला दूकानदार, ऐसे अलसाया सा बैठा था काउंटर पर जैसे सामान बेचते बेचते उकता चुका हो। लड़कियों को काउंटर पर देख कर थोड़ा सचेत हुआ। लेकिन उकताए लहजे में बोला, 'मस्ती नहीं है। कुछ और ले लो। ''

प्रार्थना इठलाई, 'नहीं मुझे तो मस्ती ही चाहिए।'' दूकानदार ने प्रार्थना को अजीब सी नजरों से घूरा... 'आपको मस्ती ही क्यों चाहिए, कुछ और क्यों नहीं ट्राई करते?''

'नहीं भईया, मजा नहीं आता। मस्ती वाली बात कहां?'' प्रार्थना ने मुंह बिचकाया। दूकानदार काउंटर से उठा, रैक के पास गया। रचना प्रार्थना को कहीं और चलने का इशारा करने लगी। दोनों वहां से खिसकते इससे पहले ही दूकानदार ने उन्हें रोक लिया...सामने एक पैकेट धर दिया। 'ये लो, शर्तिया मजा आएगा....। ट्राई तो करो।''

दोनों की नजर पैकेट पर गई, वो किसी कंडोम का पैकेट था। ओ माईगॉड...रचना के मुंह से निकला और दोनों गली में सरपट भाग निकली..दूकानदार हैरानी से उन्हें इस तरह भागते हुए देखता रहा...दोनों का एक हाथ अपने मुंह पर, दूसरा अपने पेट पर...शरमाई हुई हंसी रुक ही नहीं रही थी। मकान के अंदर घुसते ही दोनों ने पागलों की तरह ठहाके लगाए...नहीं..अब मस्ती कभी नहीं..। रचना ने माथा पीट लिया..ओ गॉड, वो दूकानदार क्या सोच रहा होगा. हम उससे कुछ नहीं खरींदेंगे...उफ्फ...।

वह शाम उनकी कंडोम पर चर्चा करते बीती। रात को बत्ती बुझाई तो देखा प्रार्थना टेबल लैंप जलाकर पढ़ रही है। वह पीठ घुमाकर सोने की कोशिश करने लगी। हंसी रुके तब नींद आए न। आंखें बंद करे तो दूकानदार की गंभीर छवि घूम जाए...सोने की कोशिश में ही उसने वर्षा वशिष्ठ (मुझे चांद चाहिए की नायिका) की तरह सोचा, दिव्या (प्रार्थना) अगर तुम मुझे न मिलती तो मेरा क्या होता?

रचना आदतन प्रार्थना से कुछ पूछती नहीं थी। वैसे भी पैसे की हिस्सेदारी अभी शुरू हुई नहीं थी। रचना संकोची थी। रोजमर्रा का सामान खुद खरीद लाती। एकाध बार प्रार्थना ने कुछ खाने का सामान खरीदा। प्रार्थना अपने साथ सामान कम लाई थी। एक छोटा सा बैग और कुछ किताबें। मोटी-मोटी प्रतियोगिता की किताबें। देखने से लगता था, वह सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही है। रचना ने उसकी किताबों और नोटबुक को कभी उलट-पुलट कर नहीं देखा। यह रचना का लोकतांत्रिक व्यवहार था। वह इसलिए लोगों की व्यक्तिगत आजादी और मित्रता में भरोसा रखती थी। रचना को अपने सिरहाने कुछ पसंदीदा किताबें रखने का शौक था। जब तब नींद न आती तो वह उसे पलट कर देखती। सिरहाने में रखी किताबों में 'मुझे चांद चाहिए' (सुरेन्द्र वर्मा) और 'बंद गली का आखिरी मकान' (धर्मवीर भारती) भी थे। कमरे का एक कोना रचना ने दूसरा कोना प्रार्थना ने कब्जा कर लिया था। बीच में दरवाजा खुलता था। रचना को इतना सुकून था मकान मालकिन कभी कमरे में धमकती नहीं थी। इसलिए दोनों बेखौफ रह रही थीं। कभी कभार आते-जाते सीढ़ियों पर मकान मालकिन का भाई जरुर टकरा जाता। उसकी आंखें हमेशा लाल रहती थीं। मोटा, मुस्टंडा सा, उजड़ा चमन लगता था। रचना उसको देखे बिना ही सरपट सीढ़ियां चढ़ जाती। कई बार रचना ने महसूस करती थी कि वह जरूर देर तक घूरता होगा। रचना स्वभावत: निर्भय थी और लापरवाह किस्म की। सब कुछ देखकर भी अनदेखा करने की आदत। इसी कारण वह नहीं देख समझ पाई कि इन दिनों प्रार्थना उससे कैसे कैसे सवाल पूछ रही है। एक दिन किचन में काम करते हुए प्रार्थना ने पूछा, 'यार, एक बात बता, शादी से पहले सेक्स करना चाहिए या नहीं।'

रचना सब्जी काट रही थी। हाथ रुक गए, 'क्यों, यह सवाल क्यों पूछ रही हो? मैंने तो नहीं किया और न मैं इस बारे में कोई अपनी राय दे सकती हूं।' प्रार्थना ने हार नहीं मानी, अगर मेरा ब्यायफ्रेंड सेक्स करना चाहे तो कर लूं? 'क्यों तुझे उससे बाद में शादी करनी है?' रचना ने सब्जी छौंकते हुए पूछा। ''नहीं, शादी नहीं करनी। शादी का क्या पता, कब हो, किससे हो? ब्यायफ्रेंड को कैसे टालूं यार? वह जिद कर रहा है।''

''तो कर ले।''

रचना सब्जी चला रही थी।

''कर लूं- पक्का? कुछ गड़बड़ हो गई तो? शादी के बाद पति को पता चल गया तो.... ''

रचना ने दोनों हाथ प्रार्थना के आगे जोड़े, 'तू कुछ बनने आई है न यहां, तो पढ़ाई में मन लगा, ब्वायफ्रेंड का चक्कर छोड़। अगर वो तेरा सच्चा दोस्त है तो तुझे सेक्स के लिए कभी जिद नहीं करेगा। जिद करता है तो कुछ गड़बड़ है। देख ले, तेरी जिंदगी है, तुझे कैसे जीना है? खुद ही तय कर, मुझे बीच में मत ला। ''

रचना हैरान थी। प्रार्थना की उम्र बमुश्किल 22 की है। अचानक पढ़ाई के बीच यह सेक्स का ख्याल... ब्वायफ्रेंड... करूं न करूं... पति को पता चल गया तो... उफ्फ। क्या है ये लड़की। शादी से पहले सेक्स... सोच कर ही रचना को झुरझुरी आ गई। लेकिन प्रार्थना कितनी सहज थी। शायद वह भीतर ही भीतर अपनी सोच को लेकर स्पष्ट भी। रचना को टटोलने के लिए उसने यूं ही पूछा होगा। छोटे से बिना खिड़की वाले अंधियारे किचन से बाहर आकर रचना कमरे की तरफ मुड़ी। प्रार्थना दरवाजे के बीच आ खड़ी हुई।

''रचना क्या मैं यहां अपने ब्वायफ्रेंड को ला सकती हूं?''

''ओह! रचना का माथा घूम गया.” तो ये बात है। पहले खुद आई, अब लड़के...।

“नहीं-'' रचना का चेहरा सख्त हो आया। रचना को दूसरी चाबी की याद आई जो इन दिनों प्रार्थना के पास है। उसका माथा ठनका। उसने प्रार्थना की आंखों में आंखें डालकर पूछा, सच बताना, कौन आया था मेरे पीछे? कब से चल रहा है... क्या तुम इसीलिए यहां... राजुल ने मुझे धोखा दिया...।''

ओह नो... रचना माथा पकड़कर जमीन पर बिछे अपने बिस्तर पर बैठ गई। प्रार्थना का चेहरा फक पड़ गया था। थोड़ी देर सन्नाटा कमरे में गूंजता रहा... उस रात दोनों में कोई बातचीत नहीं हुई। सोने की कोशिश में रचना ने सिरहाने से किताब उठाई। बंद गली का आखिरी मकान का पन्ना खुला। हल्की रोशनी में उन पंक्तियों को बुदबुदाते हुए रचना ने पढ़ा, ''रह गई अंधेरी कोठरी, टिमटिमाती, ढिबरी, पैंताने सहमी और कुछ कुछ डरी हुई सी बिरजा, खिड़की के पार बैंगन के खेत पर छाया घुप्प अंधेरा... और एक अजीब सी आवाज- क्रीं-क्रीं-क्रीं... खट -खट.... रचना और प्रार्थना दोनों एक साथ चिहुंकी। कोई उनका दरवाजा जोर-जोर से पीट रहा था। दोनों की निगाहें एक साथ दीवार घड़ी की तरफ घूमी- रात के 12.30 बज रहे थे। इस वक्त कौन हो सकता है? प्रार्थना की सिट्टी-पिट्टी गुम और रचना ने हिम्मत करके पूछा, कौन है, इस वक्त।''

''खोल साली.... खोल... दरवाजा खोल... दिन भर अपने यार के साथ यहां पड़ी रहती है... रात में मेरे साथ आ... तेरी तो मां की... किसी मर्द की आवाज थी, शराब के नशे में डूबी, लड़खड़ाती।

खोल... मुझे भी दे... उसको देती है...किराया माफ करा दूंगा। दीदी से कहके... खो...। ओह। रचना के दिमाग में बिजली कौंध गई। मकान मालिक का मुस्टंडा भाई, स्साला।

दोनों चुप्प! कमरे की सारी लाइट बंद करके दोनों अपने कोने में सरक गईं। कमरे का अपना अपना कोना... जहां दो लड़कियां खुद को सबसे ज्यादा सुरक्षित मानती थीं। थोड़ी देर बाद बाहर की आवाज डूबने लगी थी।

आज की सुबह अलग-सी थी। रचना ने चाय बनाई, प्रार्थना को भी दिया। कप लिए लिए दोनों बॉलकोनी तक गई। बाहर गली में सन्नाटा था। रचना पलटीं- प्रार्थना, सच बताना राजुल...या कोई और..तुमने घर तक बुला लिया उन्हें..

प्रार्थना चुप रही। मगर चेहरे पर कोई खौफ का भाव या भेद खुलने के बाद का कोई अहसास नहीं।

''देख प्रार्थना, जो हुआ सो हुआ, मैं भी एक लड़की हूं। आई नो योर फीलिंग यार। मगर मकान मालकिन को पता चल गया तो वह मुझे निकाल देगी। बड़ी मुश्किल से यह कमरा मिला है। अकेली लड़कियों को कौन देता है मकान, वो भी लक्ष्मी नगर जैसे दकियानूसी मोहल्ले में। मेरा क्या होगा? मेरा कोई गॉड फादर भी नहीं। एकाध संगी साथी हैं, उसका ही सहारा है। अभी तो मैं संघर्ष कर रही हूं, क्या करूं?''

प्रार्थना सुनती रही... चाय खत्म होने तक। उसकी चुप्पी रचना को आशंकित कर गई। प्रार्थना ने चुपचाप अपना काम निपटाया और रचना को घर के उसी सन्नाटे में छोड़कर निकल गई।

ऐसे ही कुछ दिन और निकल गए। दोनों के बीच बातचीत कम होती। रचना का मन करता प्रार्थना को घर से चले जाने को कहें। पर उसकी हिम्मत न होती। प्रार्थना लड़ भी नहीं रही। इतना कुछ रचना ने सुना दिया फिर भी...। किस मिट्टी की बनी है ये। जब तक खबर पुष्ट न हो, रचना राजुल से कुछ पूछताछ कैसे करे?

''फिर इस लड़की का भी कुछ भरोसा नहीं। पागल है यह तो!'' रचना को कल रात की बात याद आई। इन दिनों दोनों के बीच न के बराबर बातचीत होने से प्रार्थना जब घर पर होती है तो किताबों में ही डूबी रहती है।

रविवार का दिन...रचना घर में सोते हुए पूरा दिन बिताना चाहती है। सुबह से अलसाई सी..दोपहर का खाना भी बनाने का मूड नहीं। प्रार्थना भी सुबह से पढाई में लगी हुई थी। रचना का मन हो रहा था, प्रार्थना से कुछ बातें करे। टोकना ठीक नहीं लग रहा था..पढाई करते वक्त..। वह भी जब नाटकों के संवाद रट्टा मारती है तो वह कभी डर्िस्टब नहीं करती, फिर मैं..तभी प्रार्थना पलटी, ''बहुत हो गई पढाई यार..अब नहीं पढूंगी, मुझे अक्ल का ताला खोलना है...'' उसकी आवाज में बेचैनी और चेहरे पर शरारत थी। रचना को बात करने का सिरा मिल गया। वह कुछ बोलने ही जा रही थी कि प्रार्थना फिर टपक पड़ी, ''चल एक बार तेरी अक्ल का ताला भी खुलवा दूं।''

''नहीं...तुम मुझे माफ कर दो..तुम्हारे ही अक्ल पर ताला जड़ा है, खुलवाती तो रहती है। रचना घबरा गई।

''चल ना..एक बार से क्या हो जाएगा? यू डोंट नो पावर ऑफ की....'' रचना का चेहरा लाल हो उठा।

प्रार्थना ने ठहाका लगाया, ''स्साली... तू रहेगी वही रतनपुर वाली। ''

''यार मजाक मत कर...हंसती ही रहेगी क्या? रचना का स्वर रुआंसा हो गया।

प्रार्थना ने अपनी बेतहाशा हंसी बीच में रोक ली, ''चल, तुझे कहीं घूमा लाऊं, थोड़ी देर के लिए, एक नई दुनिया की खोज करेगी तू, वहां समूह में चलता है सब काम, खूब मजा आएगा। ''

''व्हाट?? रचना हैरान रह गई तो ये लड़की कुछ भी नहीं छोड़ेगी। वो तो सोच कर सिहर रही है और ये मैडम जी बताती हुई कितनी प्रफुल्लित हैं..उफ्फ। रचना को अचानक लगा कई हाथ उसकी देह पर फिसल रहे हैं..कुछ टटोल रहे हैं..इधर उधर, ऊपर नीचे..ठंढी सी कोई ठोस वस्तु एक साथ...रचना चिल्लाई, ''स्टॉप, स्टॉप। नहीं सुनना तेरी बकवास। '' इस वक्त उसे प्रार्थना घोर पापी लग रही थी।

सुबह संजय गौर का फोन था, पीपी नंबर पर। फोन सुन कर रचना खिल उठी। संजय की आवाज भरोसे से भरी थी, जल्दी आओ, तुम्हें मैं रंगमंडल के निर्देशक विपुल शर्मा से मिलवाता हूं। वो जल्दी ही एक प्ले पर काम करने जा रहे हैं..उन्हें एक छोटे शहर की लड़की की तलाश है..रचना कई दिनों से उनसे मिलने को बेताब थी। आज मुंहमांगी मुराद मिल रही थी। फोन रखते हुए उसे संजय पर बेहद प्रेम उमड़ आया। झटपट तैयार होकर मंडी हाउस भागी।

रात को जब वह घर लौटी तो दंग रह गई। प्रार्थना इस कदर किताबों में डूबी थी कि उसे कुछ होश नहीं था। उसके बाल अजीब तरह से बिखरे हुए थे। दिनभर उसने कुछ नहीं खाया था। न वह नहाने के लिए उठी थी, न बाल बनाए थे। कमरे में पुरुष गंध छाई हुई थी। प्रार्थना ने किताबों से सिर उठा कर रचना को देखा...आंखों में तृप्ति की गहरी रंगत थी..जैसे कोई बड़ा संग्राम जीत लिया हो। आदिम उड़ान से लौटने के बाद की हल्की लाली फैली थी उन आंखों। उसके चेहरे पर आखेट से लौटे बनैले मादा की चमक थी।

ऐसी चमक पहले कहां देखी थी रचना ने? उसे याद आया, कई साल पहले अपने कस्बे की एक बदनाम औरत की आंखों में कभी कभार देखी थी। एक बार ठाकुर चाचा के घर से लौटते हुए रास्ते में टकराई थी, वह बदनाम औरत..याद आते ही रचना की देह में झुरझुरी दौड़ गई। उसे लगा प्रार्थना मुस्कुरा रही है।

प्रार्थना वैसे हमेशा मस्ती में दिखाई देती है..केयरलेस..अपनी मर्जी से जीनेवाली..मूडी..जब मन आया मस्ती..नहीं तो घर में बंद होकर पढाई..मोटी मोटी किताबो के साथ सोने वाली यह लड़की अब उसे अजीब सी लगने लगी थी..क्या है ऐसा जो इसे सारी कुंठाओं, चिंताओं से दूर रखता है।

इसी उधेड़बुन में कई दिन निकल गए। रचना का मन हुआ उससे पूछे...क्यों करती है ऐसा, कहां जाकर रुकेगा ये सफर..इसे कोई भय या लोक लाज की परवाह नहीं..किस मिट्टी की बनी है ये लड़की? एक शाम रचना को मौका मिल ही गया। प्रार्थना शाम का खाना बनाने के मूड में थी। एक जांघ पर प्रतियोगिता दर्पण का नया अंक रख कर दनादन भिंडी काट रही थी। रचना ने यह दिलचस्प नजारा देखा वहीं पास में मोढा लेकर बैठ गई।

''प्रार्थना...मैं तुमसे कुछ पूछना चाहती हूं '' - रचना का स्वर सपाट था।

''पूछो... ''

प्रार्थना भिंडी और पत्रिका के बीच सिर घुसाए ही रही।

''तुम क्यों करती हो ऐसा ? ''

''क्या? ''

''ये लड़केबाजी...घर बुलाना..उनके साथ हमबिस्तर होना...पता नहीं कैसे मैनेज करती है, पढाई और यारबाजी...'' रचना का स्वर थोड़ा तीखा हो गया था..

प्रार्थना के हाथ रुक गए। पत्रिका जांघो से हटाई और जिन आंखों से रचना को देखा वह दंग रह गई। फिर वहीं नशा...आखेट से लौटे बनैले पशु की तरह, ''देख रचना तू नहीं समझ पाएगी ये सब। मैं समझाना भी नहीं चाहती। बस इतना समझ लीजो कि मेरे लिए यह कुंठाओं से मुक्ति का मार्ग है। ये मेरे तनाव और बोरियत को दूर करके मुझे एकाग्र बनाता है मेरे लक्ष्य के प्रति... ''

''लेकिन एक साथ इतने ब्वाय फ्रेंड... '' रचना ने बीच में ही बात काट दिया।

प्रार्थना की आंखों में नशा गायब हो गया, वहां चमचमाते चाकू सी चमक लहराई। उसने सब्जी काटने वाला चाकू नीचे रखा और अपने गीले हाथ रचना के हाथों पर रख दिया। ठंडी हथेलियों में भी इतना ताप होता है..पहली बार पता चला।

''देख...मेरे लिए कोई एक व्यक्ति महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण है मेरा रास्ता..मेरी पसंद..मेरा आनंद..और आनंद का कोई चेहरा नहीं होता..जो जितनी दूर साथ चले..चले..नहीं तो भाड़ में जाए। मैंने किसी से कमिटमेंट नहीं किया ना लिया। आई डू नौट इडल्ज इन मीडिल क्लास मेंटिलिटि...आई हैव वनली वन लाइफ एंड आई वांट एक्साइटमेंट विदाउट रीगरेट...दैटस इट। कुछ ऐसा कर गुजरना है जिससे लोग याद रखें..बस। ''

रचना सन्न थी। प्रार्थना रौ में थी...वो डॉन फिल्म का गाना सुना है ना...खइके पान बनारस वाला..खुल जाए बंद अक्ल का ताला...माहौल हल्का होने लगा था...रचना बुदबुदाई- ''सनक गई है ये तो!''

एक दिन तो गजब ही हो गया। दोपहर को रचना और प्रार्थना खाना बनाने का प्लान कर ही रहे थे कि दरवाजे पर दस्तक हुई। दरवाजा रचना ने ही खोला। सामने एक नौजवान, कंधे पर एक बैग, हल्की मूंछें, मुस्कुराता चेहरा, आंखों में आत्मीयता भरी.. ''हैलो..आई एम प्रशांत राज। प्रार्थना से मिल सकता हूं?''

रचना ने प्रार्थना की तरफ देखा, तब तक आहट सुन कर वह दरवाजे तक आ चुकी थी। ''ओह..राज..तू कैसा है?''
प्रार्थना चहक कर उससे लिपट गई। रचना तब तक संभल चुकी थी। प्रार्थना उसे कमरे में ले गई, रचना को राज के बारे में बताती हुई...रचना के मुंह से बोल तक ना फूंटे। अचानक असहज सी हो उठी। मन-ही-मन कुढती रही पर कहा कुछ नहीं किचन में आ गई। वहां जाकर वह बड़बड़ाना ही चाह रही थी कि पीछे से प्रार्थना ने कंधे पर हाथ रखा।

''क्या है ये सब..घर क्यों बुलाया...''

रचना ने तीखे स्वर में पूछा।

''कोई बात नहीं यार..थोड़ी देर में चला जाएगा। टेंशन मत ले। चल तीन ग्लास निकाल...''

''क्यों? ''

''निकाल ना..आज तुझे जन्नत की सैर कराएंगे...''

''क्या मतलब?''

''देख तेरे सामने दो रास्ते हैं माई स्वीटहार्ट..चल हमारे साथ वोदका के दो घूंट मार और मस्त हो जा या एक घंटे के लिए कहीं घूम आ...''

''शटअप ... '' रचना कमरे में झांकते हुए हल्के से चीखी।
प्रार्थना ने उसकी चीख अनसुनी कर दी। मजे से तीन ग्लास निकाले और कमरे में चली गई। रचना किचेन में खाना बनाने का उपक्रम करने लगी। कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि क्या करे, इस वक्त कोई तमाशा करना ठीक ना होगा, फिर कहां जाए..संजय को फोन करुं और मंडी हाउस चली जाऊं..

कमरे से दोनो की हंसी बाहर आ रही थी। रचना इसी ऊहापोह में थी कि प्रार्थना रसोई में आई और उसे वोदका का ग्लास पकड़ा दिया, लो पीओ। रचना छोटे से किचेन में भाग कर जाती कहां...प्रार्थना ने उसे पकड़ा और पैग उड़ेल दिया मुंह में। नींबू मिला..ठंडा ठंडा..स्वादिष्ट, कुछ कुछ शिकंजी जैसा..जैसे ही घूंट अंदर उतरी, हल्की सी कड़वी लगी..तब तक मामला अंदर जा चुका था। रचना ने ग्लास थाम लिया और प्रार्थना अपने दोस्त के साथ कमरे में गप्पे मारती रही..। रचना ने जल्दी जल्दी दो पैग मार लिए। नतीजा, दोस्त के जाने के बाद प्रार्थना मस्ती में लहराती रही और रचना उल्टियां करती रही।


कभी रचना को डर लगे, कभी तरह तरह की आशंका...। वह खूब लड़ना चाहती थी राजुल से। वह मिले तब न। मंडी हाउस की शामें राजुलविहीन थीं। वह गायब था और प्रार्थना भी। रचना को याद आईं बंद गली का आखिरी मकान की वे पंक्तियां, ''जब तक लड़ाई का उद्देश्य स्पष्ट हो, तब तक अपने ढंग से जीवट भी आदमी को बचाता है और डर भी। मगर जब लड़ाई का अर्थ ही मालूम न हो तो जीवट और डर दोनों एक सा बेकार सिर्फ एक खोखली थकान....।''

रचना को सोच सोच कर थकान होने लगीं थी। दो दिन से प्रार्थना गायब थी। डर क्यों न हो? किससे पूछे? साहित्य अकादमी और दीन दयाल उपाध्याय लाइब्रेरी तक से चक्कर लगा आई। प्रार्थना अधिकतर समय इन्हीं दोनों लाइब्रेरी में बिताती थी।

प्रार्थना ने उसके पी.पी. नंबर पर फोन भी नहीं किया था। रचना दो बार पड़ोस में भी पूछ आई थी। तीसरी बार पूछकर लौटी तो देखा कमरा आधा खुला है। लगता है प्रार्थना लौट आई है। आज मैं इसे भगा दूंगी, सामान समेत। भाड़ में जाए... दो दिन में मेरा खून सूखा दिया है। लापरवाही की हद होती है। बताना तो चाहिए था, क्या समझती हैं, अपने आपको? बड़बड़ाते हुए रचना ने धड़ाक से कमरे का दरवाजा खोला। प्रार्थना अपने कोने के बिस्तर पर चादर ओढ़े लेटी है। चेहरा स्याह है, होंठ सूखे और दो दिन में ही धंसी हुई आंखें। पायताने में उसके साथ मोढ़े पर एक मरियल, काला-सा लड़का बैठा था। साथ में एक काला बॉक्स पास में रखा।

रचना के होठ थरथराए...''क्या हुआ? क्या है ये सब...''
प्रार्थना ने रचना का हाथ दबाया... ''आई एम प्रीगनेंट...''
छोटा सा कमरा घूमने लगा...रचना के हाथ से प्रार्थना की हथेली छूट गई।

''मैं एबार्शन करवाने गई थी। लेकिन वहां बहुत सारी फार्मेल्टी होती है...आई कांट डू इट..दैटसवाई...''

प्रार्थना ने उस मरियल से लड़के की तरफ इशारा किया, ''ये किशोर है, कंपाउडर..दो तीन दिन यहां मेरे साथ रहेगा..जब तक मेरा एबार्शन नहीं हो जाता... ''

रचना तब तक संभल चुकी थी। मन ही मन कुछ तय करती सी...
''तुम्हें यहां से जाना होगा...मैं तुम्हें यहां नहीं रख सकती..मुझसे नहीं हो सकेगा ये सब..बहुत हो चुका...'' रचना उबल रही थी। प्रार्थना ने जैसे कुछ सुना नहीं..सिरहाने की तरफ हाथ बढाया, दस हजार रुपये के सौ सौ नोट की एक गड्डी रचना की तरफ बढाया, मुझे दो दिन यहां रहने दे...मैं इसके बाद कहीं भी चली जाऊंगी. इस हालत में मैं कहीं नहीं जा सकती..मैं जानती हूं, मैंने तुमसे ये बात छुपाई..

मैं कोई सफाई नहीं सुनना चाहती, रचना का स्वर तीखा हो आया था।

मैं कोई सफाई नहीं देना चाहती...मैं बस इतना चाहती हूं, तुम मुझे दो दिन और
बर्दाश्त कर लो..फिर हमेशा के लिए चली जाऊंगी। आई डोंट क्रिएट मोर हेडेक फॉर यू..बिलीव मी...प्रार्थना की आवाज में अब भी वही ठसक थी। न कोई पछतावा, ना कोई मलाल, चेहरे पर पीड़ा की रेखाएं थीं...जो शायद दवा इंजेक्शन लेने से हुई है। मरियल-सा कंपाऊ डर अब सलाइन की बोतल चढाने की तैयारी कर रहा था।

लेकिन यहां...इस कमरे में...हाऊ? रचना को सबकुछ बहुत भयावह लगा। कोई लड़की ऐसा कैसे कर सकती है? दिल्ली वह सिविल सर्विसेज की तैयारी के लिए आई थी, एक राउंड इम्तहान दे चुकी है, रिजल्ट आने तक दुबारा जुट गई है...जैसा राजुल ने बताया था। वह क्या कर बैठी? रचना के लिए यह सब कुछ बहुत डरा देने वाला था। वह इस हालत में उसे अपने घर रखने के लिए उसका मन नहीं मान रहा था। रुपये उसने उठा कर बिस्तर पर रख दिए, अपना बैग उठाया और मंडी हाउस रवाना हो गई।

मई की शामें थोड़ी कम गर्म होती हैं। फिर भी श्रीराम सेंटर कैंटीन की पथरीली कुर्सियां तप रही थीं। रचना उनसे ज्यादा तप रही थी। उसे बाहर के मौसम का कोई अहसास नहीं..संजय गौर आने वाला था। वह उसको सबकुछ बताने वाली थी। राजुल की खोज जरुरी है। एक बार उससे पूछूं तो सही कि उसने मकान खोजने में मदद के बदले इतना बड़ा धोखा क्यों दिया? बताया क्यों नहीं...बता देता तो शायद..नहीं तब भी नहीं। राजुल जानता था कि छोटे शहर की ये लड़की उतनी आधुनिक नहीं हुई है जितनी होनी चाहिए थी। वह कभी कभी संकेतों में उसे समझाने की कोशिश भी करता। रचना समझती थी, पर उस पर रिएक्ट नहीं करती थी। संजय के इंतजार में रचना बड़बड़ा रही थी.. मेरा इस्तेमाल किया गया...मेरा घर है..कोई हॉस्पीटल नहीं..अचानक वह कांप उठी।

मेरे कमरे में कोई बच्चा मारा जा रहा है...नहीं...ये पाप है..अनैतिक है, नहीं कहीं और जाए..मैं ये नहीं करने दूंगी..रचना झटके से उठी...बस पकड़ा और लक्ष्मीनगर।
थोड़ी देर तक प्रार्थना उसका समूचा गुस्सा, आक्रोश झेलती रही फिर अचानक तकिए का सहारा लेकर उठ बैठी।

दर्द से लरजती आवाज में उसने कहा- दो दिन तक मैं यही रहूंगी... तुम्हें जो करना है कर लो, मुझे फर्क नहीं पड़ता... समझी!''

रचना के होश उड़ गए!

ऐसी स्पष्ट और निर्णायक आवाज के सामने रचना जैसी भली लड़की का टिक पाना मुश्किल था।

वह बुदबुदाते, प्रार्थना को भला-बुरा कहते वहां से भाग खड़ी हुई। डरी, सहमी अपनी सहेली के घर पहुंची रचना दो दिन घर से बाहर नहीं निकली। यह बात उसे बार-बार चुभ रही थी कि उसे इस्तेमाल किया गया।... यह दो दिन रचना पर भारी पड़े। उसका गुस्सा अब चिंता और पछतावे में बदल रहा था। अपने रवैये पर उसे तीव्र ग्लनि हुई। रचना बुदबुदाई, ठीक नहीं किया मैंने। इस वक्त उसे मेरी जरुरत है, उसे अकेला नहीं छोड़ना चाहिए था, ये क्या किया मैंने..मुझे उसके पास जाना जाहिए...पछताती हुई रचना ने अपना माथा पकड़ लिया और सुबकने लगी। ओह..मैंने उस प्रार्थना को अकेला छोड़ दिया जिसके साथ मैंने सुखदुख बांटे, मस्ती के पल बिताए, वो पास रहती थी तो सारी कुंठाएं ठहाके में उड़ जाती थीं..क्या हुआ जो उसने ऐसा किया। उसका जीवन है, उसे पूरा हक है, जो करे, जैसे जीए..ये मैंने क्या किया...रचना उठी और लगभग दौड पड़ी। उसे दर्द से कराहती, छटपटाती प्रार्थना का चेहरा याद आ रहा था।

लक्ष्मी नगर के उसी बंद गली में दाखिल होने जा ही रही थी कि ...
किसी की आवाज ने उसे रोका...मैडम जी..आपने अखबार देखा...इधर आइए...

रचना ने देखा, मस्ती वाला दूकानदार हाथ में अखबार लहरा रहा है। उत्सुकता हुई, पता नहीं क्या है? देखते हैं..शायद प्ले के बारे में कुछ निकला हो, फोटो छपा हो..
दूकानदार ने बहुत स्नेहिल निगाहों से देखा और वह पन्ना पकड़ा दिया।

सिविल सर्विसेज में टॉप टेन में पांच लड़कियां...पांचों की तस्वीर छपी थी..तीसरी तस्वीर पर रचना की निगाहें ठिठक गईं। मैडम जी...वो आपकी सहेली नहीं दिख रही, कहां हैं..कहिए न मिठाई खिलाएं... मैडम जी...

''मैम उतरना नहीं!'' कंडक्टर की आवाज से रचना की तंद्रा भंग हुई।

रचना ने देखा, बस उसकी हाउसिंग सोसायटी के गेट पर खड़ी है।

बोझिल कदमों से वह बस से उतरी, मगर घर जाने की उसे रत्ती भर इच्छा नहीं हुई।

एक दफ्तर, एक घर। दोनों जगह उसका कोई वजूद नहीं। दोनों जगह मालिक कोई और है... और उसकी वकत गुलाम से ज्यादा कुछ नहीं!

भली लड़की बनकर उसे गुलामी मिली और वह जो बुरी लड़की थी उसने अपने तरह की जिंदगी जीने की, अपना कॅरिअर चुनने की आजादी पाई... अपना वजूद बनाया।

पस्त-पराजित वह सोसायटी के पार्क में आकर बैठ गई। वह रोना चाहती थी, मगर उसकी आंखें पथरा गई थीं... वह एक किसी बेचैन प्रार्थना की पंक्तियां बुदबुदाना चाहती थी, मगर होंठ पत्थर हो गए थे!
(हंस, अगस्त 2009 अंक में प्रकाशित कहानी)